सृष्टि के आदि अभियंता भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती और अभियंता दिवस के पावन अवसर पर ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को एक गरिमामयी मंच मिला। अभियंता परिषद् द्वारा आयोजित ‘अभियंता दिवस उत्सव 2026’ के तहत 19 गांवों के 172 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का बृहद संकल्प लिया गया है, जिसका भव्य शुभारंभ 17 सितंबर को नवीन चयनित ग्राम छतौद (तिल्दा) से हुआ।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला प्रांगण में दोपहर 12:00 बजे आयोजित इस प्रेरणादायी समारोह में कक्षा 5वीं और 8वीं के नौ उत्कृष्ट विद्यार्थियों को उनके शानदार शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए परिषद् द्वारा शील्ड, प्रशस्ति पत्र एवं नकद प्रोत्साहन राशि भेंट कर सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ अभियंताओं व शिक्षाविदों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में तकनीक और शिक्षा जगत के कई वरिष्ठ दिग्गजों ने शिरकत कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथियों और प्रबुद्ध जनों ने विद्यार्थियों को लगन, अनुशासन और नवाचार के साथ आगे बढ़ने की सीख दी।
इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे:
- इंजीनियर श्री गिरधारी सागर (संयोजक, अखिल भारतीय अभियंता परिषद - विशेष उपस्थिति)
- श्री राजेश शर्मा (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता)
- श्री रवीन्द्र शर्मा (सेवानिवृत्त सीनियर मैनेजर)
- श्री सुभाष शर्मा (प्राचार्य)
- श्री तेजराम साहू (सेवानिवृत्त कार्यपालन अभियंता)
- श्री सूर्यकांत वर्मा
समारोह के दौरान वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा के सृजन कौशल और आधुनिक भारत के निर्माण में अभियंताओं के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले, तो वे देश और समाज का नाम रोशन कर सकते हैं। पुरस्कार पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खिल उठे और उपस्थित अभिभावकों व शिक्षकों ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।














